प्रश्नकर्ता: मेरी उम्र तैंतीस वर्ष है, और मैं एक नामी आईटी कंपनी में इंजीनियर हूँ। कोरोना काल में आपकी वीडियोज़ सुनना अधिक बढ़ गया। सर, आज से तीन साल पहले अचानक मेरी नौकरी छूटी थी। उसके तीन महीने बाद सब ठीक भी हो गया था। परंतु उस घटना ने मुझे डर से भर दिया, और आज तक वही डर मन में बैठा है। सर, इतनी प्रतिस्पर्धा के समय में निश्चिंतता और संतोष कैसे बना कर रखें? डर का क्या इलाज है?
आचार्य प्रशांत: अब डर अगर है, तो है ही। अनुभव तो उसका तुम कर ही रहे हो। उसके प्रति आँख मूंद लेने से वो हट नहीं जाएगा। उसको नकारने से या उसकी निंदा करने से या उसे बुरा बताने से कोई विशेष लाभ होने का नहीं, तो क्यों न डर से मुलाकात, बातचीत, साक्षात्कार ही कर लिया जाए, कि डर कह क्या रहा है?
अब अपनी स्थिति को ही देखो। तीन साल पहले एक घटना हुई थी, तीन साल बीत गए। दूसरी बात, वो जो तुम्हें झटका लगा था, तीन ही महीने बाद उसकी भरपाई भी हो गई। तो पहली बात, घटना को बीते बहुत समय हो गया है, और दूसरी बात, उस घटना ने तुमको कोई गहरी या अपूरणीय क्षति नहीं दी है—तीन ही महीने में खानापूर्ति हो गई थी—लेकिन अभी तक भी डरे हुए हो। इसका मतलब डर बस उस घटना से संबंधित तो नहीं था न, नहीं तो जैसे ही घटना से मिली चोट भरती, वैसे ही उससे संबंधित डर भी मर जाता।
आमतौर पर लोग अपने डरों से बातचीत नहीं करते। अगर बातचीत करें, तो दो-तीन बातें पता चलेंगी। गौर से सुनना।
मोटे तौर पर तीन तरह के डर होते हैं हमारे: एक तो वो डर जो पूरी ही तरह काल्पनिक हैं, बेतुके हैं। ये डर तो मिट जाएँ अगर तुम गौर से इनको बस देख लो क्योंकि डरने को तो इंसान किसी भी बात से डर सकता है न। हम अपने-आपको शरीर से संबंधित मानते हैं, और शरीर तो बहुत ही नाज़ुक चीज़ होता ही है। हम रिश्तों के एक जाल में रहते हैं, और हम जिनसे संबंधित हैं, जिनसे रिश्ते हैं, वो भी सब लोग ऐसे हैं कि उन्हें कोई चीज़ आकर चोट पहुँचा सकती है या उनका कोई नुकसान हो सकता है या उनकी देह को किसी भी प्रकार की घातक क्षति भी हो सकती है। तो कल्पना करने के लिए बहुत माल-मसाला-सामग्री मौजूद है। इतना कुछ हो सकता है संभवतः तुम्हारे साथ कि तुम उसकी सूची बनाने बैठो, तो पन्ने कम पड़ जाएँ।


