प्रश्नकर्ता: आचार्य जी, आध्यात्मिक दृष्टिकोण से सफल जीवन क्या है? एक इंसान का दुनिया में आने का उद्देश्य क्या है? जीवन की सफलता निर्धारित करने में पैसे का कितना महत्व है?
आचार्य प्रशांत: आध्यात्मिक दृष्टिकोण से सफल जीवन क्या है? यह जानना है तो देखिये कि जीवन असफल कब हो जाता है। असफल जीवन वो है जो दुःख में बीत रहा है। दुःख आता है तमाम तरह की सीमाओं से और बंधनों से। तो आध्यात्मिक दृष्टि से सफल जीवन वो है जो अपने बंधन काट सके, जो दुःख के कारणों को मिटा सके।
और इसी बात से दूसरे प्रश्न का उत्तर भी मिल जाएगा। दूसरा प्रश्न कह रहा है, "जीवन में आने का उद्देश्य क्या है?" बच्चा पैदा ही होता है बंधनों के साथ, बच्चा पैदा ही होता है अनगिनत शारीरिक वृत्तियों के साथ। और जैसे-जैसे वो बड़ा होता जाता है, उस पर बंधन और कड़े होते जाते हैं। तो जीवन का उद्देश्य और जीवन की सफलता निहित है बंधनों को काटने में—भीतर के भी बंधनों को काटने में और बाहर के भी बंधनों को काटने में।
और यही बात हमें फिर ले जाती है तीसरे प्रश्न पर। तीसरा प्रश्न कह रहा है, "पैसे का कितना महत्व और आवश्यकता है?" जिस हद तक पैसा आपके बंधनों को काटने में सहायक हो, उपयोगी हो, पैसा अति आवश्यक है। और जब पैसा खुद एक बंधन बन जाए, तब पैसा अनावश्यक ही नहीं है घातक है।
जो आदमी बंधनों में हो वो अपने सारे संसाधनों का, अपनी सारी ताकत का इस्तेमाल करेगा अपने बंधन काटने के लिए। और एक व्यक्ति के पास क्या-क्या संसाधन होते हैं? समय एक संसाधन है, बुद्धि संसाधन है, ताकत संसाधन है, ज्ञान संसाधन है, और इसी तरह से पैसा भी संसाधन है। तो जो बेड़ियों में हो और गिरफ्त में हो, उसे अपने सारे संसाधनों का उपयोग करना ही पड़ेगा। वो कहेगा, "मेरे पास जो कुछ है, मैं उसका इस्तेमाल करूँगा आज़ादी के लिए, मुक्ति के लिए।"


