निम्न विचार और उच्च विचार क्या? || आचार्य प्रशांत, युवाओं के संग (2012)

प्रश्न: निम्न विचार और उच्च विचार क्या हैं?
वक्ता: हम में से कितने लोगों को ये सवाल अपने सन्दर्भ में उचित लग रहा है? कितने लोगों को ये सवाल संबद्ध लग रहा है? कितने लोग उत्सुक हैं इसका उत्तर जानने को?
(सभी श्रोता हाथ उठाते हैं)
ठीक है। इसका मतलब ये है कि मैं सिर्फ शिवानी के सवाल का जवाब नहीं दे रहा हूँ। यहाँ सौ लोग और हैं जिनके सवालों का जवाब दिया जा रहा है। है ना?
श्रोतागण: जी सर।
वक्ता: तो हम सब इसको ऐसे ही सुनेंगे जैसे हमारे ही प्रश्न का उत्तर दिया जा रहा है। ठीक है? हम सब इसे ऐसे ही सुनेंगे जैसे हमारे ही प्रश्न का उत्तर दिया जा रहा है। ठीक है?
सबसे पहले तो एक प्रयोग कर के देखते हैं। विचार की बात हुई थी, तो उदाहरण के लिए, आप थोड़ा विचार करिये कि आप रुसी भाषा में बात कर रहें हैं। विचार करिये कि आप रुसी भाषा में बात कर रहें हैं। अच्छा विचार करिये कि आप स्पैनिश भाषा में बात कर रहे हैं। क्या ये विचार कर पाना संभव है?


