श्रोता : कभी प्रतिक्रिया करना एक साधारण बात होती है और नहीं प्रतिक्रिया करना एक असाधारण बात होती है |
आचार्य प्रशांत : नहीं, इस बात को ध्यान से समझिएगा – नहीं प्रतिक्रिया करने से आपका क्या अर्थ है कि कर्म नहीं करेंगे कोई ?
श्रोता १ : नहीं, मतलब जैसे आपको किसी ने कुछ बोला, आप लेते जा रहें हैं |
आचार्य जी : आप लेते जा रहे हैं ये अपने आप में एक प्रतिक्रिया हो सकती है | ये प्रतिक्रिया क्यों नहीं हो सकता कि मुझे कोई कहता जाएगा और मैं उसको सोखता जाऊंगा | ये भी प्रतिक्रिया हो सकती है | प्रतिक्रिया न करने का ये मतलब नहीं है कि झेलना है |
अब ये भी आम बोलचाल की भाषा में दोनों एक बातें होतीं हैं | जब कहा जाता है कि प्रतिक्रिया न करो तो उसका मतलब होता है झेले जाओ | प्रतिक्रिया न करने का मतलब ये नहीं है कि झेलना है | प्रतिक्रिया न करने का ये मतलब है – सही प्रतिक्रिया |
उस सही प्रतिक्रिया के लिए सही शब्द होता है रेस्पोंस| प्रतिक्रिया नहीं करना है इसका मतलब स्थिति में बेहोशी से प्रतिक्रिया नहीं करना है | आपको किसी ने कुछ कहा, अगर आप होशपूर्वक उसको पलट कर के दो शब्द बोल सकते हो तो जरुर बोलो, क्यों न बोलो? आपसे किसने कह दिया है कि होठ सिल लो ?

